केंद्रपाड़ा, 12 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के एक गांव में सोमवार को वन विभाग के अधिकारियों ने तालाब से छह फुट लंबी खारे पानी की मादा मगरमच्छ को बचाया और बाद में उसे भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के अंदर बौसगड़ा नदी में छोड़ दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मगरमच्छ को राजनगर वन क्षेत्र के अंतर्गत पेंठा गांव में ग्रामीणों ने देखा, जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ के उस तालाब में पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। उन्होंने बताया कि ग्रामीण नियमित रूप से इस तालाब का इस्तेमाल करते थे।
राजनगर वन क्षेत्र के अधिकारी शांतनु दलेई ने कहा, 'कम से कम छह वनकर्मियों को मगरमच्छ को पकड़ने में करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद उसे भीतरकनिका राष्ट्रीय उद्यान के अंदर बौसगड़ा नदी में छोड़ दिया गया। अभियान के दौरान मगरमच्छ को न तो कोई चोट आई और न ही उसने किसी पर हमला किया।'
भाषा
शुभम नरेश
नरेश