Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

कश्मीर: पुंछ के अग्रिम इलाके में जोरदार विस्फोट, सुरक्षा बढ़ाई गई

जम्मू, 12 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास स्थित एक सीमावर्ती गांव में सोमवार को संदिग्ध रूप से आईईडी में विस्फोट के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह जोरदार विस्फोट सतवाल-नकी इलाके में उस समय हुआ, जब नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तान की ओर लोगों का एक समूह आवाजाही कर रहा था।

उन्होंने बताया कि विस्फोट में लोगों के हताहत होने की खबर है, लेकिन मारे गए या घायल हुए लोगों की सही संख्या तत्काल पता नहीं चल सकी।

अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सेक्टर में सतर्कता बरतने का अलर्ट जारी किया और स्थिति का आकलन करने तथा सुरक्षा में किसी भी संभावित चूक को रोकने के लिए नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर निगरानी बढ़ा दी।

एक अन्य घटनाक्रम में, भारतीय सेना के जवानों ने सोमवार को मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगों का पता लगाया। अधिकारियों ने बताया कि सुबह आठ बजकर 25 मिनट और दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर रास्ते के निर्माण के दौरान इन बारूदी सुरंगों का पता चला।

सेना के विशेषज्ञों ने बाद में नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया।

पिछले एक सप्ताह के दौरान सेना ने इस इलाके में करीब एक दर्जन बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश