कोच्चि/वायनाड (केरलम), 12 अक्टूबर (भाषा) केरलम में एक दिन पहले तेज रफ्तार मिनी कूपर कार द्वारा स्कूटर को टक्कर मारने की घटना में तीन लोगों की मौत के मामले की जांच तेज करते हुए पुलिस ने सोमवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। एक पीड़ित के परिवार ने इन मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
कोच्चि के पास नेदुंबस्सेरी में रविवार तड़के हुई इस घटना में दोपहिया सवार दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। तीनों की उम्र करीब 21 वर्ष थी। आरोप है कि कार चला रहा युवक शराब के नशे में था।
घटना में जान गंवाने वाली वायनाड निवासी देविका (21) के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। कोच्चि के रहने वाले कार चालक सुहैल को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया था और उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या (जो हत्या की श्रेणी में नहीं आती) का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि सुहैल की मां ने उसे जन्मदिन के तोहफे के रूप में यह महंगी कार दी थी। पुलिस के मुताबिक, ऐसे कई वीडियो भी मिले हैं, जिनमें सुहैल को 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से कार चलाते हुए देखा गया है।
सुहैल के दोस्त निनव को भी रविवार को हिरासत में लिया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमीर और जोएल नाम के दो अन्य लोग भी कार में सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद वे दूसरे वाहन से कथित तौर पर घटनास्थल से फरार हो गए थे। बाद में स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें अलप्पुझा से हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सुहैल मुख्य आरोपी है, जबकि अपराध को कथित तौर पर बढ़ावा देने के आरोप में निनव, अमीर और जोएल को भी आरोपी बनाया गया है।
जांच में पता चला कि सुहैल और निनव ने कोच्चि और एर्नाकुलम में बार में शराब पी थी जिसके बाद अमीर और जोएल भी वहां पहुंच गए। चारों ने कथित तौर पर काफी नशे में होने के बावजूद शराब पीना जारी रखा और फिर कार में सवार होकर निकल गए।
पुलिस के अनुसार, अमीर और जोएल हवाई अड्डे पर आने वाले अपने एक दोस्त को लेने के लिए नेदुंबस्सेरी पहुंचे थे। उड़ान में देरी होने के कारण वे मिनी कूपर कार में तेज रफ्तार से घूमने के लिए सुहैल के साथ शामिल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, सबूत जुटाने के लिए सोमवार को अमीर और जोएल को घटनास्थल पर ले जाया गया। उन्होंने जांच टीम को बताया कि घटना के समय कार 120 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से चल रही थी और सड़क के दाईं ओर थी।
गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्हें थ्रिक्काकारा स्थित बोर्स्टल स्कूल में रखा गया है, जहां 18 से 21 वर्ष की उम्र के आरोपियों को हिरासत में रखा जाता है।
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस जांच के लिए जल्द ही सुहैल की हिरासत मांगने के लिए अदालत में याचिका दायर करेगी।
वहीं, मंत्री एम. लिजू के निर्देश पर आबकारी विभाग ने वायटिला, पलारीवट्टम और नेदुंबस्सेरी स्थित तीन बार होटलों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने सुहैल और निनाव को शराब दी थी।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, इन प्रतिष्ठानों ने 23 वर्ष से कम उम्र के लोगों को शराब बेचने पर लगी रोक का उल्लंघन किया है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश