पंचकूला, 12 अक्टूबर (भाषा) भारत की शीर्ष टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला ने सोमवार को यहां दूसरी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में कर्नाटक की वंशिका देशाना और बंगाल की सान्वी रॉय को हराकर अंतिम 32 में जगह बनाई।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का प्रतिनिधित्व कर रहीं श्रीजा ने कड़े मुकाबले में वंशिका को 12-10, 11-7, 11-5 से हराया। इसके बाद उन्होंने बंगाल की सान्वी रॉय को 11-4, 11-4, 11-7 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
श्रीजा अब भारत की दूसरी रैंकिंग की खिलाड़ी सिंड्रेला दास से भिड़ेंगी।
पीएसपीबी का प्रतिनिधित्व कर रही राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनिका बत्रा ने केनरा बैंक की मारिया रोनी को 16-14, 11-2, 9-11, 11-7 से पराजित किया।
इसके बाद मनिका ने भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) की एनबीएस तनुजा के खिलाफ पहला गेम गंवाने के बाद 6-11, 11-5, 11-6, 12-10 से जीत दर्ज की। अब उनका सामना अंतिम 32 में तीसरी वरीयता प्राप्त दीया चितले से होगा।
पहले दौर में बाई पाने वाली सिंड्रेला ने दूसरे दौर में क्वालीफायर दित्सा रॉय को 11-7, 11-6, 11-6 से हराया।
दीया ने भी बाई मिलने के बाद दिल्ली की गरिमा गोयल को 11-4, 11-8, 11-7 से हराकर आसान जीत दर्ज की।
अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में दूसरी वरीयता प्राप्त पीएसपीबी की यशस्विनी घोरपड़े ने दिल्ली की प्रिशा गोयल को 11-7, 9-11, 11-6, 11-9 से हराया। अगले दौर में उनका सामना तमिलनाडु की अनन्या मुरलीधरन से होगा जिन्होंने मंगलवार को अंडर-17 लड़कियों का एकल खिताब जीता था।
चौथी वरीयता प्राप्त और पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन सुतीर्था मुखर्जी ने कड़े मुकाबले में महाराष्ट्र की स्वरा करमरकर को 7-11, 12-10, 11-1, 6-11, 11-4 से हराया।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द