(तस्वीरों के साथ)
कल्याणी, 12 अक्टूबर (भाषा) मध्यक्रम के बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी और विकेटकीपर अभिषेक पोरेल के नाबाद शतकों की मदद से बंगाल ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को दिल्ली के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
दिल्ली को रविवार को पहली पारी में 240 रन पर समेटने के बाद बंगाल ने सोमवार को दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में तीन विकेट पर 304 रन बना लिए। घरामी 221 गेंदों पर 122 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि पोरेल ने 161 गेंदों पर नाबाद 114 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 199 रन की अटूट साझेदारी कर बंगाल को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
घरामी ने अपनी पारी में 17 चौके लगाए जबकि पोरेल ने अधिक आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 13 चौके और एक छक्का जड़ा।
बंगाल की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 105 रन तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। अंकुर पॉल 17, अभिमन्यु ईश्वरन 34 और सुदीप चटर्जी दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद घरामी और पोरेल ने मोर्चा संभालते हुए दिल्ली के गेंदबाजों को कोई और सफलता हासिल नहीं करने दी।
दिल्ली की ओर से दिविज मेहरा ने 34 रन, नवदीप सैनी ने 44 रन देकर और आयुष बडोनी ने 37 रन देकर एक-एक विकेट लिया।
झारखंड ने जमशेदपुर में सलामी बल्लेबाज शिखर मोहन (143), आदित्य सिंह (147) और कप्तान विराट सिंह (108) के शतकों की मदद से केरल के खिलाफ पहली पारी में 587 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
दूसरे दिन खेल समाप्त होने तक झारखंड की पहली पारी 179.5 ओवर में समाप्त हुई।
झारखंड ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 289 रन से की। क्रीज पर मौजूद विराट और आदित्य ने अपनी पारियों को आगे बढ़ाते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
केरल की ओर से ऑफ स्पिनर वैशाख चंद्रन ने 166 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि अनुभवी जलज सक्सेना ने 126 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
ओडिशा के 324 रन के जवाब में गुजरात ने दो विकेट पर 205 रन बना लिये। सलामी बल्लेबाज आर्य देसाई और वेदांत त्रिवेदी ने समान 94 रन की पारी खेलकर गुजरात को मजबूत शुरूआत दिलाई। देसाई ने 107 गेंद की पारी में 11 चौके और तीन छक्के जड़े जबकि त्रिवेदी ने 160 गेंद की नाबाद पारी में 11 चौके और एक छक्का लगाया।
दिन का खेल समाप्त होने तक गुजरात की टीम ओडिशा के पहली पारी के स्कोर से 119 रन पीछे थी और उसके आठ विकेट शेष है।
सेना ने दिल्ली में महाराष्ट्र के 333 रन के जवाब में पहली पारी में एक विकेट पर 74 रन बनाकर मजबूत शुरूआत की है।
भाषा आनन्द आनन्द सुधीर
सुधीर