Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

राहुल और रेवंत चमके, आंध्र ने कर्नाटक पर बढ़त बनाई

विजयवाड़ा, 12 अक्टूबर (भाषा) किशोर बल्लेबाज सीराम राहुल के नाबाद शतक और युवा विकेटकीपर बल्लेबाज रेवंत रेड्डी के बड़े अर्धशतक से आंध्र ने पिछले सत्र के उपविजेता कर्नाटक के खिलाफ सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले के दूसरे दिन पहली पारी में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली।

दो दिन पहले 19 साल के हुए राहुल 187 गेंद में 108 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके लगाए।

रेवंत अपने पहले प्रथम श्रेणी शतक से तीन रन से चूक गए और 97 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों की पारियों से आंध्र ने छह विकेट पर 331 रन बना लिए जिससे उसे पहली पारी में 57 रन की महत्वपूर्ण बढ़त मिल गई।

कर्नाटक की टीम रविवार को पहली पारी में 274 रन पर आउट हो गई थी।

कनार्टक की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर शिखर शेट्टी ने 72 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

सिकंदराबाद में त्रिपुरा के युवा ऑफ स्पिनर संदीप सरकार ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 96 रन देकर आठ विकेट चटकाए लेकिन उनकी मेहनत बेकार गई क्योंकि टीम पर कमजोर बल्लेबाजी के कारण हैदराबाद के खिलाफ हार का खतरा मंडरा रहा है।

त्रिपुरा की टीम रविवार को पहली पारी में 134 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में हैदराबाद ने 294 रन बनाकर 160 रन की मजबूत बढ़त हासिल की। तन्मय अग्रवाल (54) और रुथिक मेंडे (61) ने हैदराबाद के लिए अर्धशतक जड़े।

त्रिपुरा की दूसरी पारी में भी बल्लेबाजी की कमजोरियां सामने आईं और टीम 33 ओवर में 99 रन तक सात विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। वह अब भी हैदराबाद की पहली पारी के स्कोर से 61 रन पीछे है और उस पर पारी से हार का खतरा मंडरा रहा है।

राजकोट में सौराष्ट्र ने रविंद्र जडेजा (102) और प्रेरक मांकड़ (129) की पारियों से 392 रन बनाने के बाद छत्तीसगढ़ का स्कोर तीन विकेट पर 122 रन करके अपना पलड़ा भारी रखा।

दिन का खेल खत्म होने पर अनुज तिवारी 72 जबकि मयंक वर्मा 32 रन बनाकर खेल रहे थे।

छत्तीसगढ़ की टीम अब भी 270 रन से पीछे है।

मुल्लांपुर में असम ने शिवशंकर रॉय के नाबाद 143 रन और डेनिस दास के 103 रन की बदौलत 373 रन बना जिसके जवाब में पंजाब ने बिना विकेट खोए तीन रन बना लिए है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द