Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान में 15वें दिन भी पठन-पाठन नहीं हुआ

कोलकाता, 12 अक्टूबर (भाषा) सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एसएफआरटीआई) में 27 सितंबर और 4 अक्टूबर को दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए कथित हमलों का विरोध कर रहे छात्रों ने लगातार 15वें दिन सोमवार को भी संस्थान में पठन-पाठन ठप रखा।

संस्थान के छात्र संघ के एक प्रवक्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वे पठन-पाठन से दूर रहेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े संगठनों के परिसर में घुसने की कथित कोशिशों और बाहरी लोगों द्वारा मुख्य द्वार तक रैलियां निकाले जाने का विरोध किया।

आरएसएस से जुड़े उपभोक्ता जागरूकता समूह, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत (एबीजीपी) द्वारा संस्थान के परिसर में स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम को लेकर तनाव बढ़ने के बाद, छात्रों ने 27 सितंबर से कक्षाओं का बहिष्कार करना शुरू कर दिया था।

इस कार्यक्रम के विरोध के कारण हुई झड़प में दो संकाय सदस्यों समेत कई लोग घायल हो गए थे।

स्थिति 4 अक्टूबर को फिर से बिगड़ गई, जब बंगीय हिंदू जागरण मंच ने 27 सितंबर की घटना के विरोध में संस्थान के मुख्य द्वार के बाहर प्रदर्शन किया।

छात्र संघ के प्रवक्ता सुदीप चक्रवर्ती ने कहा कि छात्र अपनी चिंताओं पर प्रशासन के जवाब से असंतुष्ट हैं।

चक्रवर्ती ने यह भी कहा कि परिसर में जारी तनाव के बीच, पश्चिम बंगाल के बाहर से आए लगभग 150 छात्रों को खतरा महसूस हुआ।

संस्थान के कुलपति संतोष अजमेरा से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

हालांकि, संस्थान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्गा पूजा शुरू होने के साथ ही अधिकतर छात्र अपने-अपने घर चले गए हैं।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश