हैदराबाद, 12 अक्टूबर (भाषा) हैदराबाद में रिहायशी सोसाइटी के पूर्व सुरक्षा गार्ड को पांच वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी हत्या करने और उसके परिवार से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, बच्ची का शव रविवार को कोवकूर इलाके में स्थित सोसाइटी के ‘क्लब हाउस’ (सामुदायिक भवन) के तहखाने में पानी के टंकी में मिला था। बच्ची के पिता एक कृषि कंपनी में शोध वैज्ञानिक हैं।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता और दादा को 10 अक्टूबर की शाम एक अज्ञात व्यक्ति के फोन आए थे। फोन करने वाले ने बच्ची को अपने कब्जे में होने का दावा करते हुए उसे छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
बच्ची के पिता की शिकायत पर बोल्लारम थाने में मामला दर्ज कर संदिग्ध अपहरण की जांच शुरू की गई और तलाश अभियान के दौरान बच्ची का शव तहखाने में मिला।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोसाइटी में 22 सितंबर से छह अक्टूबर तक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करने वाला विक्रम कुमार इस मामले में संदिग्ध है। वह घटना के बाद से फरार था। बिहार के नालंदा जिले के निवासी कुमार को 11 अक्टूबर को पकड़ा गया।
मलकाजगिरि की पुलिस आयुक्त बी. सुमति ने संवाददाताओं को बताया, “पूछताछ के दौरान कुमार ने स्वीकार किया कि उसने बच्ची के माता-पिता से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने की पूर्व नियोजित साजिश के तहत उसकी हत्या की थी।”
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत