नयी दिल्ली, 12 अक्टूर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को दावा किया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की पिछली सरकार के दौरान कथित आबकारी घोटाले से अर्जित करीब 860 से 880 करोड़ रुपये पार्टी के पदाधिकारियों के जरिए रायपुर स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए थे।
केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि उसने नौ अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में एक नया पूरक आरोपपत्र दाखिल किया।
एजेंसी ने बताया कि रायपुर के अनुपम नगर और कटोरा तालाब इलाकों में स्थित अग्रवाल के दो फ्लैट भी 10 अक्टूबर को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अस्थायी रूप से कुर्क कर दिए गए, जिनकी कीमत 9.06 करोड़ रुपये है।
इस मामले में ईडी ने अगस्त में अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत के तहत जेल में हैं।
ईडी के आरोपों पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस या अग्रवाल के वकीलों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
पिछले सप्ताह एजेंसी ने राज्य में कथित चावल मिलिंग घोटाले से जुड़े एक अलग धन शोधन मामले में भी अग्रवाल को रायपुर से गिरफ्तार किया था।
एजेंसी ने कहा कि कथित शराब घोटाले से जुड़े करीब 860 से 880 करोड़ रुपये कांग्रेस कार्यालय पहुंचाए गए, जिनमें से करीब 72 करोड़ रुपये अग्रवाल के नियंत्रण में रहे।
भाषा जोहेब प्रशांत
प्रशांत