गोरखपुर (उप्र), 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को शिक्षा और शिक्षक विरोधी करार देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और शिक्षा, ये नदी के दो छोर की तरह हैं, जो कभी मिलते नहीं हैं।
योगी यहां दिग्विजयनाथ पार्क में गोरखपुर शिक्षक खंड से विधान परिषद सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित शिक्षक मतदाता संवाद सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ''समाजवादी पार्टी और शिक्षा, ये नदी के दो छोर हैं, जो कभी मिलते नहीं हैं। समाजवादी पार्टी शिक्षा की धुर विरोधी है।''
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे में शिक्षा भी है, शिक्षण संस्थान भी हैं, शिक्षक भी हैं, छात्र भी हैं, विकास भी है और विरासत भी है।
योगी आदित्यनाथ ने खुद के गोरखपुर के सांसद रहने के दौरान वर्ष 2003-2004 की एक घटना सुनाई, जब एक महिला शिक्षक कंधे पर बंदूक रखकर साइकिल से जा रही थीं।
योगी ने कहा, ''मैं रास्ते में उन्हें देखकर चौंक गया, गाड़ी रोका तो वह जान-पहचान की थीं। बंदूक लेकर जाने का कारण पूछा तो उन्होंने कहा कि आप जान रहे हैं कि सरकार किसकी है और मुझे अपनी और बच्चों की सुरक्षा भी करनी है।’’ (उस समय उप्र में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार थी।)
उन्होंने दावा किया कि आज शिक्षा, शिक्षक या कहीं भी कोई सेंध लगाएगा तो तय है कि उसे जेल या जहन्नुम में जाना पड़ेगा।
योगी ने कहा कि उस समय प्रदेश में सपा की सरकारें, कान में तेल डालकर सोती थीं और गुंडे शिक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर अराजकता फैलाते थे।
योगी ने कहा कि जब वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनी तो प्रदेश के अंदर डेढ़ लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की और शिक्षक पद पर सभी का निष्पक्ष चयन हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा की सरकार में सपाई शिक्षा आयोग में अपने सारे रिश्तेदार भर देते थे और पैसे लेकर चयन किया जाता था।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया कि ''शिक्षकों एवं राज्य कर्मचारियों के हित में जो अच्छा होगा, सरकार उस दिशा में कदम उठाने में नहीं हिचकेगी।''
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ''समाजवादी पार्टी अगर यह उपदेश दे कि उसकी सरकार आने पर अमन-चैन आएगा, शांति मिलेगी, सुरक्षा होगी, तो यह वैसे ही है, जैसे कोई मगरमच्छ तट पर आकर उपदेश दे रहा है कि अब मैंने शिकार करना बंद कर दिया है।’’
योगी ने सपा को नंबर एक का झूठा और धोखेबाज करार देते हुए कहा कि जिन्होंने श्री राम मंदिर के विरोध में पैरवी की, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे आज कालनेमि की तरह राम-नाम जपने का काम कर रहे हैं।
भाषा
आनन्द
रवि कांत संतोष
संतोष