Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

सीबीएसई पश्चिम एशियाई देशों में 23 से 28 अक्टूबर तक 12वीं की परीक्षाएं आयोजित करेगा

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) पश्चिम एशियाई देशों में 23 से 28 अक्टूबर तक उन छात्रों के लिए 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करेगा जो मौजूदा युद्ध की स्थिति के कारण इम्तिहान रद्द होने के बाद तैयार की गई विशेष मूल्यांकन योजना के तहत मिले अंकों से संतुष्ट नहीं थे। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज के अनुसार, सीबीएसई ने पश्चिम एशिया के सात देशों- बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 40 विषयों (जिनमें 20 एकेडमिक पेपर शामिल हैं) के लिए 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी थीं।

सीबीएसई ने प्रभावित छात्रों के परिणाम तैयार करने के लिए 27 मार्च को एक मूल्यांकन योजना अधिसूचित की थी। इसके तहत पश्चिम एशियाई देशों के सभी नियमित छात्रों के परिणाम 13 मई को भारत और विदेश के 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के साथ घोषित किए गए थे।

भारद्वाज ने कहा, ‘‘मूल्यांकन योजना में कहा गया था कि अपने परिणामों से असंतुष्ट छात्रों को उन विषयों की परीक्षा आयोजित कर एक और अवसर दिया जा सकता है, जिनकी परीक्षाएं नहीं हो सकी थीं। पिछले महीने छात्रों से उन विषयों की परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक होने पर फॉर्म भरने को कहा गया था, जिनकी परीक्षाएं पहले आयोजित नहीं की जा सकी थीं।’’

नए कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाएं 23 अक्टूबर से शुरू होंगी। पहले दिन राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित और अनुप्रयुक्त गणित की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

भाषा आशीष नरेश

नरेश