Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

एयर इंडिया पर हवाई क्षेत्र पाबंदियों का पिछले साल के मुकाबले अधिक असर: अधिकारी

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) एयर इंडिया पर हवाई क्षेत्र पाबंदियों का काफी असर पड़ रहा है और यह पिछले साल के मुकाबले अधिक है। पश्चिम एशिया संकट के कारण उड़ान में अधिक समय लगने और अन्य खर्च बढ़ने से एयरलाइन को परेशानी हो रही है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन पिछले साल की शुरुआत से ही भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तान का हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण यूरोप और उत्तरी अमेरिका जाने वाली उड़ानों के लिए लंबे मार्गों का उपयोग कर रही है।

इसके अलावा, अब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच एयरलाइन खाड़ी के विभिन्न देशों में हवाई क्षेत्र संबंधी पाबंदियों से भी जूझ रही है।

एयरलाइन पर हवाई क्षेत्र संबंधी पाबंदियों के प्रभाव के बारे में पूछे गए सवालों पर एयर इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि इसका ‘काफी असर’ पड़ रहा है, लेकिन इसे आंकड़ों में बताना मुश्किल है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अब केवल पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र बंद होने का असर नहीं है, बल्कि ईरान में संघर्ष का भी प्रभाव पड़ रहा है।’’ उन्होंने सऊदी अरब और कुवैत जैसे देशों में हवाई क्षेत्र संबंधी पाबंदियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘जितने अधिक हवाई क्षेत्र बंद होंगे, उड़ानों को उतना ही दक्षिण की ओर जाना पड़ेगा। उड़ानों को जितना अधिक दक्षिण की ओर जाना होगा, ईंधन पर खर्च उतना ही बढ़ेगा। इसलिए हवाई क्षेत्र संबंधी पाबंदियों का असर पिछले साल के मुकाबले अधिक है।’’

कंपनी ने हवाई क्षेत्र संबंधी पाबंदियों के कारण वित्तीय नुकसान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

उड़ान में अधिक समय लगने से ईंधन की खपत बढ़ रही है। कुछ उड़ानों को बीच में ठहराव भी करना पड़ता है, जिससे हवाई अड्डे पर उतरने का शुल्क जैसे अतिरिक्त खर्च बढ़ जाते हैं।

ईरान से जुड़े पश्चिम एशिया के बढ़ते संघर्ष का क्षेत्र में उड़ानों और हवाई अड्डों के संचालन पर असर पड़ रहा है।

भाषा रमण अजय

अजय