Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

दिल्ली में विरोध प्रदर्शन विदेशी संबंधों के साथ मिलकर राष्ट्र पर हमला: भाजपा सांसद मनोज तिवारी

गिरिडीह, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने सोमवार को दावा किया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर नयी दिल्ली में हो रहे विरोध प्रदर्शन अब ‘‘विदेशी ताकतों के जरिये देश पर हमले’’ में तब्दील हो गया है। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता तिवारी ने देवी ब्रह्मचारिणी के मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद यहां संवाददाताओं से यह बात कही।

उन्होंने कहा, ‘‘यह अब विरोध प्रदर्शन नहीं रह गया है। यह अब विदेशी ताकतों के जरिये देश पर हमले में तब्दील हो गया है। वे (कांग्रेस) देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं और सड़कों पर दंगे भड़काना चाहते हैं।’’

तिवारी ने कहा, ‘‘इस आंदोलन के कारण दिल्ली के लोगों को परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसे विरोध प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता।’’

सांसद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क का ‘‘समर्थन मांगने’’ को लेकर भी निशाना साधा।

भाजपा ने हाल ही में भारत में मस्क की स्टारलिंक परियोजना को लेकर की गई टिप्पणियों के लिए भी राहुल गांधी की आलोचना की थी।

भाजपा नेता संबित पात्रा ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी आज मस्क का भारत में ‘‘स्वागत कर रहे हैं’’, जबकि इससे पहले उनकी पार्टी के नेताओं ने भारत में स्टारलिंक परियोजना को लाइसेंस देने के सरकार के कदम पर सवाल उठाए थे।

तिवारी ने कहा, ‘‘देश के लोगों ने इस विरोध प्रदर्शन को खारिज कर दिया है और वे इसमें हिस्सा नहीं ले रहे हैं।’’

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश