Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

बिहार मंत्रिमंडल ने मोदी के सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई प्रस्ताव पारित किया

पटना, 12 अक्टूबर (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कहा गया है कि मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से बिहार ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

बैठक के बाद मुख्य सचिवालय सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि समाज के वंचित वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष में बिहार के विकास के लिए केंद्र से मिले अभूतपूर्व सहयोग के लिए राज्य सरकार आभार व्यक्त करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के तहत बिहार को उद्यमिता, रोजगार और नवाचार का केंद्र बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा, ''25 वर्षों की इस लंबी यात्रा में परिस्थितियां बदलती रहीं, लेकिन प्रधानमंत्री के लिए 'राष्ट्र प्रथम' और 'नागरिक प्रथम' का विचार नहीं बदला। वर्ष 2014 में लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को देश का शासन संभालने की जिम्मेदारी सौंपी और उन्होंने इसे 'प्रधान सेवक' के रूप में स्वीकार किया।''

चौधरी ने कहा, “लोगों की समस्याओं का समाधान करना प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में रहा है। गरीबों के लिए पक्के मकान, शौचालय, सड़क और पुल बनाने से लेकर एलपीजी सिलेंडर तथा बिजली उपलब्ध कराने तक, प्रधानमंत्री ने गरीबों की सेवा के लिए लगातार काम किया है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष के दौरान केंद्र सरकार ने बिहार को 13 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की है। चौधरी ने कहा कि इसके अलावा, बिहार से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में भी केंद्र ने मदद की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार मंत्रिमंडल ने संकल्प लिया है कि केंद्र और राज्य में 'डबल इंजन' की सरकार के तहत वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में बिहार की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

चौधरी ने कहा कि साथ ही, बिहार को निवेश, रोजगार और उद्यमिता का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

चौधरी ने कहा, ''मैं प्रधानमंत्री को जनसेवा में 25 वर्ष और केंद्र में 12 वर्ष पूरे करने पर बधाई देता हूं। हम उनके दीर्घायु होने और देश की जनता की सेवा करते रहने की कामना करते हैं।''

भाषा कैलाश रवि कांत जोहेब

जोहेब