जमशेदपुर, 12 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में भाजपा की महिला इकाई के विरोध मार्च के कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
महिला मोर्चा ने छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में प्रोफेसर के पद से बर्खास्त किए गए कांग्रेस के एक सांसद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रैली निकाली थी।
पुलिस के अनुसार, जी टाउन मैदान से निकला जुलूस जब कांग्रेस के जिला मुख्यालय के बाहर पहुंचा तो झड़प हो गई।
जमशेदपुर (नगर) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ललित मीणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “शुरुआती जांच में पता चला है कि जुलूस में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिसके बाद दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। दोनों पक्षों के कुछ कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं।”
मीणा ने बताया कि पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि पत्थर फेंकने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान करने के लिए वीडियो और ऑडियो क्लिप की जांच की जा रही है।
मीणा ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों पार्टियों के नेताओं से पथराव में शामिल लोगों की पहचान करने में मदद करने की अपील की।
धालभूमगढ़ के एसडीओ अर्नब मिश्रा ने बताया कि उन्हें रविवार को विरोध मार्च की जानकारी मिली थी, जिसके बाद किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एक मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
जेएनयू ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को पिछले सप्ताह नौकरी से बर्खास्त कर दिया था।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश