लखनऊ, 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार शारदीय नवरात्र के दौरान राज्य के 26 प्रमुख शक्तिपीठों और देवी मंदिरों में 17 से 19 अक्टूबर तक देवी गीत गायन और दुर्गा सप्तशती पाठ का आयोजन करेगी। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देना है।
उन्होंने बताया कि कलाकारों के मानदेय, यात्रा व्यय, स्वयंसेवकों पर खर्च और अन्य व्यवस्थाओं के लिए 28 लाख आठ हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बयान के अनुसार, चयनित स्थलों में मिर्जापुर का मां विंध्यवासिनी मंदिर, बलरामपुर का पाटेश्वरी देवी मंदिर, सहारनपुर का शाकुंभरी देवी मंदिर, मथुरा का कात्यायनी देवी मंदिर, वाराणसी का विशालाक्षी देवी मंदिर, गोरखपुर का तरकुलहा धाम और लखनऊ के चंद्रिका देवी तथा संकटा देवी मंदिर शामिल हैं।
इसके अलावा प्रयागराज, सोनभद्र, सीतापुर, जौनपुर और अन्य जिलों के देवी मंदिरों में भी कार्यक्रम होंगे।
भाषा आनन्द रवि कांत जितेंद्र
जितेंद्र