नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) ‘आइसा’ और अन्य वामपंथी संगठनों से जुड़े छात्रों ने सोमवार को बाराखंभा रोड से उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए। यह मार्च दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह की सूची से हटाने के कुछ घंटों बाद निकाला गया।
इस बीच, विपक्षी सांसदों और ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने सोमवार दोपहर अपने 'वोट चोरी' के आरोप और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका सौंपने के लिए उच्चतम न्यायालय की ओर 'लोकतंत्र के लिए मार्च' शुरू किया।
उच्चतम न्यायालय की ओर मार्च में शामिल छात्र संगठनों के सदस्यों ने 'ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो' और 'एसआईआर तो नहीं चलेगा' जैसे नारे लगाए।
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) सहित वामपंथी संगठन पिछले दो दिनों से जंतर-मंतर की ओर मार्च निकाल रहे हैं। यह घटनाक्रम मध्य दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच हुआ है। इससे पहले दो दिनों तक जारी विरोध प्रदर्शनों में कुमार के इस्तीफे की मांग करने वाले कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया था।
जंतर-मंतर के आसपास के इलाके में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं और बैरिकेड लगाए गए हैं।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष