नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता राष्ट्रीय राजधानी को भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए बुधवार को एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
'भिक्षावृत्ति मुक्त भारत - भिक्षावृत्ति मुक्त दिल्ली की ओर अग्रसर' शीर्षक वाले इस कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग के सहयोग से यहां डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा।
मंत्रालय ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि यह कार्यक्रम 'भिक्षावृत्ति मुक्त भारत' के विजन के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता का हिस्सा है और आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत 2047 की व्यापक राष्ट्रीय आकांक्षाओं के अनुरूप है।
मंत्रालय के अनुसार, यह कार्यक्रम भिक्षावृत्ति में शामिल लोगों के स्थायी पुनर्वास और सामाजिक मुख्यधारा में वापसी के लिए सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने, कार्यान्वयन के अनुभवों पर चर्चा करने और आगे की राह तलाशने को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों, शहरी स्थानीय निकायों, कार्यान्वयन एजेंसियों, सिविल सोसाइटी संगठनों और लाभार्थियों को एक मंच पर लाएगा।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश