Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

संस्थाओं को कमजोर कर रहे राहुल ‘हवा-हवाई नेता’ : अनुराग ठाकुर

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर देश में अस्थिरता और अराजकता उत्पन्न करने का आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया कि राहुल के कदमों का मकसद संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना और वैश्विक स्तर पर भारत की छवि खराब करना है।

ठाकुर ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश ने नेता प्रतिपक्ष की ओर से इस तरह का ‘‘नाटक और हंगामा’’ पहले कभी नहीं देखा।

उन्होंने राहुल को ‘‘अस्थिरता उत्पन्न करने वाला, अराजक और अगंभीर’’ नेता बताया।

ठाकुर ने राहुल गांधी की ओर से बार-बार लगाए जा रहे ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता जनता के जनादेश को चुनौती दे रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी ‘हवा-हवाई’ नेता हैं। उनकी पूरी राजनीति इसी ‘हवा-हवाई’ अंदाज पर चलती है खोखले बयान, बेबुनियाद आरोप, खोखली कार्रवाई, खोखले विरोध प्रदर्शन और खोखले तथ्य।’’

ठाकुर ने राहुल गांधी पर बार-बार निर्वाचन आयोग, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त सहित अलग-अलग संस्थाओं पर दोष मढ़ने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘स्थिति अब इस हद तक बिगड़ गई है कि राहुल गांधी सड़क छाप भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं और बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।’’

ठाकुर ने कहा, ‘‘राहुल जी, देश को शोर नहीं, सच चाहिए। आरोप नहीं, सबूत चाहिए। राजनीतिक बयान नहीं, स्पष्ट जवाब चाहिए।’’

उन्होंने यह दावा भी किया कि जब राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के समक्ष अपनी शिकायत रखी थी, तब उनसे उसके साथ सबूत देने को कहा गया था, लेकिन वह चुप रहे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि उच्चतम न्यायालय ने राहुल गांधी को स्पष्ट कर दिया था कि वह न्यायालय को अपनी राजनीति का अखाड़ा नहीं बना सकते। उन्होंने उन मामलों में न्यायपालिका के प्रति राहुल गांधी के रुख पर भी सवाल उठाए, जिनकी सुनवाई लंबित है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश