Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

हरिद्वार कुंभ-2027 का लोगो, वेबसाइट और गीत जारी

देहरादून, 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार कुंभ मेला (अर्धकुंभ)-2027 का आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत जारी किया।

हरिद्वार कुंभ-2027 के लोगो में मां गंगा, हर की पौड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की दिव्य आभा को दर्शाया गया है। इसमें भगवान शिव की प्रतिमा, साधु-संतों, सनातन परंपरा के प्रतीकों त्रिशूल और डमरू के साथ ही मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी शामिल किया गया है।

कुंभ मेला प्रशासन ने 2027 के कुंभ मेले का लोगो तैयार करने के लिए राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से प्रविष्टियां आमंत्रित की थीं। सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने 13 मौलिक डिजाइनों की समीक्षा करने के बाद हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन का चयन किया। इसी डिजाइन के आधार पर हरिद्वार कुंभ-2027 का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया।

मेला नियंत्रण कक्ष (सीसीआर) के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का भव्य उत्सव है।

उन्होंने कहा, “हरिद्वार कुंभ का लाखों श्रद्धालुओं के लिए अत्यधिक धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार दिव्य और भव्य कुंभ मेला-2027 आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सभी के लिए सुलभ बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।”

धामी ने कहा कि आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत कुंभ की पहचान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा श्रद्धालुओं और आम लोगों को इस आयोजन से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राज्य सरकार ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक सरकारी वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम लोगों को कुंभ से संबंधित प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कुंभ मेला-2027 के आधिकारिक गीत का लोकार्पण समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। ‘‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’’ पंक्तियों से शुरू होने वाला यह गीत कुंभ के आगमन की प्रसन्नता, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर देता है। इस गीत की रचना, गायन और संगीत हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट पर आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को कुंभ मेले से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।

भाषा

दीप्ति रवि कांत