मुंबई, 12 अक्टूबर (भाषा) तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे की शानदार गेंदबाजी के दम पर मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को चंडीगढ़ को पहली पारी में महज 78 रन पर समेट दिया।
पहली पारी में 429 रन का मजबूत स्कोर खड़ा करने वाले मुंबई ने 351 रन की बढ़त हासिल करने के बाद चंडीगढ़ को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया।
मुंबई ने दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 249 रन से की और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान की बदौलत पहली पारी में 136.5 ओवर में 429 रन बनाए। इससे टीम ने मुकाबले में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली।
इसके जवाब में चंडीगढ़ की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। टीम ने महज 29 रन तक अपने छह विकेट गंवा दिए और वानखेड़े स्टेडियम में उसकी पहली पारी 19.1 ओवर में 78 रन पर सिमट गई।
देशपांडे ने सात ओवर में 17 रन देकर पांच विकेट झटके और मुंबई की गेंदबाजी की अगुवाई की। मोहित अवस्थी ने छह ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट हासिल किए, जबकि सिल्वेस्टर डिसूजा को दो विकेट मिले। उन्होंने हालांकि 51 रन खर्च किए।
चंडीगढ़ की ओर से निशुंक बिरला ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए। उन्होंने महज 15 गेंदों की तूफानी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। अर्जुन आजाद 20 रन बनाकर टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
इससे पहले मुंबई की पारी में सिद्धेश लाड ने दिन की शुरुआत 80 रन से की और 192 गेंदों पर 86 रन बनाए। तनुष कोटियन ने 91 गेंदों में 58 रन का योगदान दिया। मोहित अवस्थी 119 गेंदों पर छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर नाबाद लौटे।
देशपांडे ने गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 47 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। पहले दिन मुशीर खान ने 65 और आयुष म्हात्रे ने 48 रन बनाकर मुंबई को मजबूत शुरुआत दिलाई थी।
चंडीगढ़ की ओर से राज बावा और रोहित धांडा ने चार-चार विकेट लिए। बावा ने 73 रन देकर चार विकेट हासिल किए, जबकि धांडा ने 78 रन खर्च कर चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
रोहतक में खेले जा रहे मुकाबले में हिमाचल प्रदेश की पहली पारी के 253 रन के जवाब में हरियाणा ने चार विकेट पर 178 रन बना लिए। हरियाणा की ओर से यशवर्धन दलाल ने 69, जबकि अंकित कुमार ने 59 रन बनाए।
उत्तराखंड ने मुंबई में रेलवे के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में चार विकेट पर 260 रन बनाकर बढ़त की ओर कदम बढ़ाए। रेलवे की पहली पारी 278 रन पर सिमट गई थी। इसके जवाब में उत्तराखंड की टीम पहली पारी के आधार पर 18 रन पीछे थी और उसके छह विकेट शेष थे।
जयपुर में खेले जा रहे मुकाबले में राजस्थान ने पहली पारी में 363 रन बनाए। इसके जवाब में तमिलनाडु ने 167 रन तक अपने चार विकेट गंवा दिए।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर