Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

निर्वाचन आयोग को गाली देने से चुनाव नहीं जीते जा सकते: जद(यू) ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग (ईसी) को ‘‘गाली देने’’ से चुनाव नहीं जीते जा सकते।

पार्टी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राहुल गांधी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना हमला तेज कर दिया है। सोमवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं ने ‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ याचिका दायर करने के लिए उच्चतम न्यायालय के लिये मार्च किया।

जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, असहमति और अराजकता के बीच अंतर होता है और राहुल गांधी तथा पूरे विपक्ष को इसे समझने की जरूरत है। निर्वाचन आयोग को गाली देने से चुनाव नहीं जीते जा सकते। आपको लोगों तक पहुंचना होगा और जमीन पर काम करना होगा।’’

उन्होंने कहा कि भारत की आजादी दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली कांग्रेस पिछले कई दशकों से लगातार सिमटती जा रही है।

प्रसाद ने कहा, ‘‘खासकर राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी लगातार तीन लोकसभा चुनावों में बार-बार प्रयास करने के बावजूद 100 सीटों का आंकड़ा पार करने में नाकाम रही है। कई राज्यों में उसका जनाधार सिमट गया है और अब केवल कुछ ही राज्यों में उसकी मौजूदगी बची है। इस स्थिति में आत्ममंथन की जरूरत है और राहुल गांधी को पार्टी के पतन के कारणों पर विचार करना चाहिए।’’

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को उन राज्यों में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, जहां उसकी सरकार है।

जद(यू) नेता ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘इस दौरान कांग्रेस ने कुछ राज्यों में सरकारें तो बनाई हैं, लेकिन जिन गिने-चुने राज्यों में उसकी सत्ता है, वहां भी असंतोष उभर रहा है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक इसके उदाहरण हैं, जहां पार्टी मुश्किलों का सामना कर रही है। वहीं, पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में, जहां वह विपक्ष में है, पार्टी के भीतर तीखी गुटबाजी चल रही है।’’

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप