Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

कोल्हापुर में शादी से मना करने पर प्रेमिका को खाई में धकेला, फिर उसके लापता होने की सूचना दी

पुणे, 12 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका को गहरी खाई में कथित तौर पर धकेल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मामले का खुलासा करने और पीड़िता तरन्नुम का शव नाइकवाड़ी झरने के पास खाई से बरामद करने के बाद आरोपी श्रीपद वडार (25) को गिरफ्तार कर लिया।

भुदरगढ़ पुलिस थाने के निरीक्षक संदीप जगताप ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि यह घटना नौ अक्टूबर की दोपहर हुई, जब वडार तरन्नुम को भुदरगढ़ तालुका के पाटगांव के पास एक पर्यटन स्थल पर ले गया था।

उन्होंने बताया कि गारगोटी कस्बे के रहने वाले वडार और तरन्नुम के बीच पिछले चार से पांच साल से प्रेम संबंध थे, लेकिन चार महीने पहले पीड़िता की शादी अन्यत्र तय हो गई थी, जिसके बाद वह वडार से दूरी बनाने लगी थी।

उसके व्यवहार में आए बदलाव से नाराज वडार, तरन्नुम की शादी होने से पहले उससे आखिरी बार मिलने के लिए उसे उस स्थान पर ले गया।

अधिकारी ने बताया कि वडार ने कथित तौर पर तरन्नुम से शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसके इनकार करने पर दोनों के बीच बहस हो गई और उसने उसे खाई में धकेल दिया।

जगताप ने बताया कि इसके बाद वडार घर लौट आया और अपने परिवार को बताया कि तरन्नुम लापता हो गई है। उसने दावा किया कि वह अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करके तरन्नुम के लिए पानी लेने गया था और इसी दौरान वह लापता हो गई।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में यह मामला एक व्यक्ति के लापता होने का लग रहा था, लेकिन पुलिस को घटना के बारे में आरोपी के बयान में कई विसंगतियां नजर आईं। लगातार पूछताछ करने पर आरोपी ने पीड़िता की हत्या करने की बात कबूल कर ली।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने मदद के लिए अंबोली की सह्याद्री बचाव टीम से संपर्क किया और शनिवार को पीड़िता का शव बरामद कर लिया। उन्होंने कहा कि आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा