नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मस्कट से आए एक यात्री के मोजे में छिपाकर लाया गया 85.76 लाख रुपये मूल्य का 587 ग्राम सोना जब्त किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यात्री को 10 अक्टूबर को मस्कट से आने के बाद हवाई अड्डे के टर्मिनल-तीन पर रोका गया। वह नौ अक्टूबर को दुबई से विमान के जरिये मस्कट पहुंचा था।
बयान में कहा गया कि यात्री की तलाशी लेने पर उसके मोजे में छिपाकर रखी गई दो आयताकार थैलियों में सोने का पेस्ट मिला। सोने को लपेटने और छिपाने में इस्तेमाल की गई सामग्री सहित इन थैलियों का कुल वजन 725 ग्राम था।
सोने के पेस्ट से सोना निकालने पर उसका वजन 587 ग्राम पाया गया। कैरेटोमीटर से जांच में सोने की शुद्धता 100 प्रतिशत पाई गई।
अधिकारियों के मुताबिक, जब्त सोने का बाजार मूल्य 85.76 लाख रुपये है। इसे सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110(1) के तहत जब्त किया गया है।
बयान के अनुसार, यात्री ने बताया कि वह सोना दुबई से लाया था और सीमा शुल्क की घोषणा करने तथा शुल्क का भुगतान करने से बचने के लिए उसे छिपाया था। मामले की जांच जारी है।
भाषा संतोष
संतोष