Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

कच्चे तेल के दाम चढ़ने, विदेशी पूंजी की निकासी से सेंसक्स 548 अंक टूटा

मुंबई, 12 अक्टूबर (भाषा) कच्चे तेल के दाम में तेजी तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली के दबाव से घरेलू शेयर बाजार सोमवार को नुकसान में रहे। मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स करीब 548 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में 157 अंक की गिरावट आई।

विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका में बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

तीस शेयर पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 547.65 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,924.68 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 796.23 अंक यानी एक प्रतिशत तक टूट गया था।

पचास शेयर पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 157.10 अंक यानी 0.70 प्रतिशत के नुकसान के साथ 22,363.35 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से आईटीसी, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर में सबसे अधिक गिरावट रही। वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और एचसीएल टेक के शेयर लाभ में रहे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारतीय बाजार शुरुआती बढ़त बरकरार रखने में विफल रहे। 10 साल के सरकारी बॉण्ड पर प्रतिफल तीन साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार धारणा प्रभावित हुई।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए। हांगकांग का हैंगसेंग मामूली बढ़त में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी रही। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

बाजार बंद होने के बाद जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, खाद्य वस्तुओं के महंगा होने से सितंबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 5.54 प्रतिशत हो गई। यह उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) की नई श्रृंखला के तहत अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।

एलारा कैपिटल की उप प्रमुख (शोध) एवं अर्थशास्त्री गरिमा कपूर ने कहा, ‘‘जिंस कीमतों में लगातार बने दबाव और वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी के बीच हमारा मानना है कि केंद्रीय बैंक ब्याज दरें बढ़ाने की राह पर मजबूती से आगे बढ़ेगा। हमारा अनुमान है कि रिजर्व बैंक इस वित्त वर्ष में दो बार और ब्याज दरें बढ़ाएगा।’’

व्यापक बाजार में तेजी रही। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.65 प्रतिशत चढ़ा, जबकि मिडकैप सेलेक्ट में 0.66 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 1.14 प्रतिशत चढ़कर 105.8 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 3,568.90 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 879.09 अंक और निफ्टी 288.65 अंक चढ़कर बंद हुआ था।

भाषा निहारिका अजय

अजय