नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी एचसीएल टेक का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 21.18 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये रहा है।
नोएडा मुख्यालय वाली कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 4,235 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 11.5 प्रतिशत बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 31,942 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत और परिचालन आय तीन प्रतिशत बढ़ी।
कंपनी की आईटी और व्यावसायिक सेवाओं से आय एक साल पहले के 23,693 करोड़ रुपये से बढ़कर 26,938 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, इंजीनियरिंग और अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) सेवाओं से आय 5,423 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,973 करोड़ रुपये रही।
हालांकि, एचसीएल सॉफ्टवेयर से आय एक साल पहले के 2,826 करोड़ रुपये से घटकर 2,709 करोड़ रुपये रह गई।
भाषा योगेश अजय
अजय