सोनभद्र, 12 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में पति द्वारा कथित तौर पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने के बाद घायल महिला की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रूणवाल ने बताया कि शाहगंज थाना क्षेत्र के राजपुर गांव की निवासी रामदुलारी (46) रविवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे गुर्दह जंगल से अपने घर लौटने के लिए निकली थी।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया है कि जंगल में ही पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपी पति मुन्ना कोल ने रामदुलारी पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब रामदुलारी शाम तक घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान उन्होंने उसे जंगल में घायल अवस्था में पाया और अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पति की तलाश की जा रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत