Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

श्रद्धा वाल्कर हत्याकांड:व्हाट्सऐप, गूगल व बम्बल के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए गवाही देंगे

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने श्रद्धा वाल्कर हत्याकांड में ‘व्हाट्सऐप’, ‘गूगल’ और ‘बम्बल’ के विदेश में रह रहे चार नोडल अधिकारियों की गवाही वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए दर्ज कराने की अनुमति अभियोजन पक्ष को दे दी।

अदालत ने कहा कि इन अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से पेश कराने में अनावश्यक देरी होगी और बहुत अधिक खर्च आएगा।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह जग्गी ने अभियोजन पक्ष की इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एवं ‘वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियम, 2025’ के तहत गवाहों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पूछताछ करने की अनुमति प्रदान का अनुरोध करने वाली अर्जी पर यह आदेश दिया।

अदालत ने नौ अक्टूबर को जारी आदेश में कहा, ‘‘अर्जी पर विचार करने और यह देखते हुए कि संबंधित गवाह विदेश में रहते हैं, उन्हें इस अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश कराने में अनावश्यक देरी होगी और बहुत अधिक खर्च आएगा। त्वरित सुनवाई और न्याय के हित में अभियोजन पक्ष की अर्जी स्वीकार की जाती है।’’

इन चार गवाहों में ‘व्हाट्सऐप एलएलसी’ व ‘मेटा प्लेटफॉर्म्स इंक’ के नोडल अधिकारी एड्रियन सिल्वेरा, ‘गूगल एलएलसी’ व ‘जीमेल’ की नोडल अधिकारी शेल्बी स्मिथ और आरती शेठ तथा बम्बल ग्रुप के नोडल अधिकारी ल्यूक मित्सी शामिल हैं।

अदालत ने कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन में रहने वाले इन गवाहों को हलफनामों के जरिए साक्ष्य देने हैं तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उनकी गवाही दर्ज करने से मुकदमे की सुनवाई जल्द पूरी करने में मदद मिलेगी।

अदालत ने निर्देश दिया कि इन गवाहों की गवाही एक दिसंबर, 2026 से शुरू होगी और प्रतिदिन एक गवाह की गवाही दर्ज की जाएगी।

अदालत के समन्वयक अभियोजन पक्ष, बचाव पक्ष के वकील और संबंधित दूरस्थ स्थानों के समन्वयकों के साथ विचार-विमर्श कर कार्यक्रम तैयार करेंगे।

अदालत ने निर्देश दिया कि गवाही दर्ज करने के लिए संबंधित गवाहों के पते के आधार पर निकटतम भारतीय दूतावास, उच्चायोग या वाणिज्य दूतावास को दूरस्थ केंद्र बनाया जाएगा।

यह मामला 2022 में 27 वर्षीय कॉल सेंटर कर्मचारी श्रद्धा की हत्या से संबंधित है।

श्रद्धा के सहजीवन (लिव-इन) साथी आफताब अमीन पूनावाला पर उसकी हत्या का आरोप है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, पूनावाला ने श्रद्धा का गला घोंटा, उसके शव के कई टुकड़े किए, उन्हें फ्रिज में रखा और कई दिनों तक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में शव के टुकड़ों को फेंकता रहा।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष