Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

‘जुमलेबाज’ प्रधानमंत्री बताएं कि आम जनता कब तक झेलेगी आर्थिक त्राासदी : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को त्योहारों के मौसम में बढ़ती महंगाई को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ‘‘जुमलेबाज’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह जवाब देना चाहिए कि आम जनता को इस ‘‘आर्थिक त्रासदी’’ को कब तक सहन करना पड़ेगा।

विपक्षी दल ने दावा किया कि महंगाई बेकाबू हो चुकी है और यह 'अच्छे दिन' का ढिंढोरा पीटने वालों की विफलता का परिणाम है।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक खबर का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें दावा किया गया था कि त्योहारों के दौरान बढ़ती कीमतें लोगों की जेब पर भारी पड़ रही हैं और बाजार में खरीदारों को हर चीज के लिए काफी अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।

रमेश ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी सरकार के शासन में बढ़ती महंगाई से अब जनता का दम घुटने लगा है। महंगाई का मीटर बेलगाम होकर ऐतिहासिक स्तर पर है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘आम परिवारों की रसोई से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान में बुलेट ट्रेन से भी तेज महंगाई की यह रफ्तार अब सभी गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की जेब पर सीधा डाका डाल रही है।’’

रमेश ने कहा कि त्योहारों के मौसम में एक तरफ मसाले, मेवे और मिठाइयों के दाम बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरफ टीवी-फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान और रसोई के बर्तनों की कीमतें भी 10 से 25 प्रतिशत तक बढ़ने की खबर है। ऊपर से आरबीआई द्वारा रेपो रेट बढ़ाने से कर्ज और ईएमआई का बोझ बढ़ने जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ 'अच्छे दिन' का ढिंढोरा पीटने वालों की नाकामी का नतीजा यह है कि आज घर चलाना मुहाल हो गया है।’’

रमेश ने कहा कि सबको महंगाई चुभ रही है, लेकिन मोदी जी को जनता का यह दुख दर्द पता नहीं चल रहा और वे ‘‘राजनीतिक डफली बजाने में व्यस्त हैं’’।

कांग्रेस नेता के अनुसार पिछले महीने के महंगाई के सरकारी आंकड़ों की घोषणा आज शाम को होनी है, पर अर्थशास्त्रियों का मानना है कि खुदरा महंगाई लगातार छठे महीने बढ़कर 23 महीनों के रिकॉर्ड उच्च स्तर यानी 5.60 प्रतिशत पर पहुच सकती है।

रमेश ने कहा, ‘‘जुमलेबाज मोदी जी, जवाब दें कि आम जनता कब तक इस आर्थिक त्रासदी को झेलेगी?’’

कांग्रेस सरकार पर महंगाई को लेकर लगातार निशाना साध रही है और उस पर जन-विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगा रही है, वहीं सरकार इन दावों को खारिज करते हुए जीडीपी के आंकड़ों का हवाला देती है।

भाषा वैभव नरेश

नरेश