श्रीनगर, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मणिपुर के सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सोमवार को यहां कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर पद से यौन उत्पीड़न के आरोपों में बर्खास्त किए गए अकोइजम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही थीं।
भाजपा की महिला कार्यकर्ता मौलाना आजाद रोड स्थित प्रताप पार्क में एकत्र हुईं और कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की। हालांकि, वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर यौन अपराध के आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने राहुल गांधी का पुतला भी फूंका।
जब भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी कर रही थीं, तभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक समूह मुख्यालय से बाहर आया और केंद्र की भाजपा नीत सरकार तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाने लगा।
दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने से पहले ही पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को शांतिपूर्वक वहां से हटने के लिए राजी कर लिया।
अकोइजम जेएनयू के ‘स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज’ के अंतर्गत ‘सेंटर फॉर स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स’ में प्रोफेसर थे। उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्टूबर को उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है।
भाषा गोला संतोष
संतोष