नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से उच्चतम न्यायालय तक निकाले जाने वाले मार्च को ‘‘नौटंकी’’करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार का दोष निर्वाचन आयोग पर मढ़ती रही है, जबकि इसके लिए असल में उसका खुद का ‘‘विचार-शून्य’’ नेतृत्व जिम्मेदार है।
शिवराज ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ कांग्रेस के आंदोलन को ‘‘शिव की बारात’’ बताने के लिए राहुल की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह असल में ‘‘गुंडों का समूह’’ है, जो सड़कों पर अराजकता फैला रहा है।
शिवराज ने कहा, ‘‘कांग्रेस पिछले कई वर्षों से संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है और अपनी हार के लिए उन्हें दोषी ठहरा रही है, जबकि इसके लिए खुद उसका नेतृत्व जिम्मेदार है।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस की हार की वजह निर्वाचन आयोग नहीं है। कांग्रेस की हार की वजह उसका 'विचार-शून्य' नेतृत्व है, जो न तो देश को जानता है, न ही यहां के लोगों, जीवन-मूल्यों और परंपराओं को।’’
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) से मिलने के लिए उच्चतम न्यायालय तक मार्च करने के लिए राहुल की आलोचना करते हुए शिवराज ने बिना विस्तार से बताए कहा कि हर कोई जानता है कि न्यायपालिका के प्रति कांग्रेस नेता का क्या रुख रहा है और पहले एक पूर्व प्रधान न्यायाधीश के बारे में उनके क्या विचार थे।
उन्होंने कहा, ‘‘बहरहाल, प्रधान न्यायाधीश से मिलने के लिए भी एक खास प्रक्रिया होती है। आप बस एक पत्र लिखकर जब चाहें, तब उनसे मिलने नहीं जा सकते। यह सिर्फ नौटंकी है, विशुद्ध नौटंकी, कुछ और नहीं, बस नौटंकी।’’
शिवराज ने कांग्रेस के सीईसी-विरोधी आंदोलन को ‘‘शिव की बारात’’ कहने के लिए भी राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, ‘‘जो लोग राम का विरोध करते हैं, वे भगवान शिव की बात कर रहे हैं। यह भगवान शिव की 'बारात' नहीं, बल्कि सड़कों पर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे उपद्रवी तत्वों की भीड़ है।’’
शिवराज ने राहुल की टिप्पणी को लेकर उन पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि देश या कांग्रेस उनसे क्या उम्मीद कर सकती है, जब वह खुद मानते हैं कि वह कोई योजना नहीं बनाते।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं फिर से कहता हूं कि (चुनावों में कांग्रेस की) हार की वजह योजना की यही कमी और जब मन करे, तब निकल पड़ने वाली सोच है।’’
शिवराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आने की कोशिश में विदेशी ताकतों के साथ मिलकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि वह ‘‘लोगों की नजर में गिर गई है और उनका भरोसा खो चुकी है।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘राहुल गांधी का जन्म शायद लाखों झूठों के मरने के बाद ही हुआ होगा।’’
उन्होंने यह बात कांग्रेस नेता की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में की गई हालिया टिप्पणियों और इस दावे के बारे में पूछे जाने पर कही कि दिल्ली में तैनात लगभग आधे सुरक्षाकर्मियों ने उनसे कहा है कि वह अच्छा काम कर रहे हैं।
भाषा पारुल मनीषा
मनीषा