चंडीगढ़, 12 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को वोट चोरी के विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और उसके ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर है और दूसरों पर सवाल उठाने से पहले उसे आत्ममंथन करना चाहिए।
सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस के सत्ता से बाहर रहने के लिए राहुल गांधी जिम्मेदार हैं, लेकिन पार्टी में किसी ने भी उनसे चुनावी हार को लेकर सवाल नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में 59 साल, पश्चिम बंगाल में 49 साल, सिक्किम में 42 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल, त्रिपुरा में 33 साल, गुजरात में 30 साल, ओडिशा में 26 साल, नगालैंड में 23 साल तथा महाराष्ट्र और हरियाणा में 12 साल से कांग्रेस सत्ता से बाहर है।
सैनी ने कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार कर आत्म-मंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और हर हार के लिए व्यवस्था को दोष देना राजनीतिक जवाबदेही से बचने का तरीका नहीं हो सकता।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस नेताओं को इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि यदि हर चुनावी हार की वजह वोट चोरी है, तो इन राज्यों में दशकों तक सत्ता से बाहर रहने का कारण क्या है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के लिए अब अपने नेतृत्व की क्षमता और जनाधार में आई कमी पर गंभीरता से विचार करने का समय नहीं आ गया है।
कांग्रेस मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। पार्टी ने अपनी मांगों के समर्थन में वोट चोरी अभियान भी शुरू किया है।
रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने चंडीगढ़ में कहा था कि वह यह देखकर हैरान हैं कि सीईसी से सवाल पूछने पर भाजपा के प्रवक्ता जवाब क्यों दे रहे हैं और उनका बचाव क्यों कर रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया था कि देश में वोट चोरी साबित हो चुकी है और इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।
भाषा नरेश
नरेश