Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, अकोइजाम को पार्टी से निकालने की मांग की

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महिला मोर्चा ने सोमवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में प्रोफेसर पद से हटाए गए इनर मणिपुर से पार्टी सांसद आंगोमचा बिमोल अकोइजाम को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा पर लड़कियों के समर्थन में ‘‘खोखले नारे’’ देने का आरोप लगाया।

मंत्री ने कहा, ‘‘आज हम देश की महिलाओं और बेटियों की ओर से प्रियंका गांधी जी से पूछना चाहते हैं कि आपके नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का क्या हुआ? क्या यह खोखला नारा बनकर रह गया है? यह कहां चला गया?’’

भाजपा की महिला इकाई ने अकोइजाम को ‘‘बेशर्मी से संरक्षण’’ देने के लिए कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया।

देवी ने कहा, ‘‘आपकी पार्टी के एक सांसद ने 11 लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है। जेएनयू ने भी इस आरोपी सांसद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। इसके बावजूद आप चुप क्यों हैं? राहुल गांधी, आप अपनी चुप्पी कब तोड़ेंगे? उस सांसद को पार्टी से कब निकालेंगे? आपने उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की?’’

मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से कार्रवाई नहीं किया जाना दर्शाता है कि ‘‘आपकी पार्टी में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है।’’

देवी ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज वे 11 लड़कियां भी संघर्ष कर रही हैं। वे आपसे पूछ रही हैं कि आप उन्हें न्याय कैसे दिलाएंगी, लेकिन आप चुप हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह दोहरा मापदंड और पाखंड कब तक जारी रहेगा? आपको इन सवालों का जवाब देना होगा।’’

देवी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर आरोप लगाया कि पार्टी अपने ही सांसद के खिलाफ लगे आरोपों से ध्यान भटकाने के लिए प्रदर्शन कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी को पहले पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करना चाहिए।’’

अकोइजाम जेएनयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत सामाजिक प्रणाली अध्ययन केंद्र में प्रोफेसर थे।

यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद उन्हें नौ अक्टूबर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया था।

हालांकि, उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है।

खबरों के अनुसार, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं।

शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि वह बैठकों या अन्य कार्यक्रमों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे।

कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया था कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां करते थे।

जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर रविवार को अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप