Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

ट्रंप के 'ऊर्जा संघर्षविराम' के बावजूद ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर रूसी हमले जारी: कीव

कीव, 12 अक्टूबर (एपी) यूक्रेन के अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा एक दिन पहले रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से जारी युद्ध में ‘ऊर्जा संघर्षविराम’ (ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकना) पर सहमति बनने की घोषणा किए जाने के बावजूद यूक्रेनी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर रूसी हमले जारी हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा दोनों देशों के बीच साढ़े चार साल से जारी युद्ध के बीच एक दिन पहले ‘ऊर्जा संघर्षविराम’ के लिए सहमत होने की घोषणा किए जाने के बावजूद रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं। यूक्रेन के अधिकारियों ने सोमवार को यह कहा।

उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के खारकीव स्थित क्षेत्रीय अभियोजक कार्यालय ने सोमवार को एक बयान में कहा कि रूसी बलों ने शहर के बाहरी इलाके में एक ऊर्जा प्रतिष्ठान पर हमला किया।

इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा था कि उन्होंने ट्रंप की घोषणा का स्वागत किया है, लेकिन रूस राजधानी कीव और खारकीव में ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहा है।

ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त पोस्ट में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के कथित समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि यह संघर्षविराम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और साथ ही यह भी कहा, ‘‘इसे तोड़ें मत!’’

ट्रंप ने 14 सितंबर को भी सोशल मीडिया पर दावा किया था कि दोनों देश एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमला नहीं करने के लिए सहमत हुए हैं। हालांकि, उन्होंने उस प्रस्ताव के बारे में भी कोई विवरण नहीं दिया था और कथित समझौते का कोई नतीजा नहीं निकला था।

रूस ने युद्ध के दौरान यूक्रेन के आम नागरिकों को बिजली, गर्मी और पानी की सुविधा से वंचित करने के लिए ऊर्जा केंद्रों पर हमले किए हैं। ऐसा करके वह मॉस्को के बड़े पैमाने पर किए गए हमले के खिलाफ जनता के विरोध को कमजोर करना चाहता है। यूक्रेनी अधिकारी इस रणनीति को 'सर्दियों को हथियार बनाना' कहते हैं।

वहीं, यूक्रेन ने रूस के ऊर्जा प्रतिष्ठानों (तेल रिफाइनरी) को निशाना बनाकर हमले किए हैं, जिसमें रूस के काफी भीतर स्थित प्रतिष्ठान भी शामिल हैं। अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से कुछ सप्ताह पहले ट्रंप ने अपने देश में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए जेलेंस्की को जिम्मेदार ठहराया।

मॉस्को ने कथित समझौते पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि उनका देश ट्रंप की घोषणा का स्वागत करता है और यह 'सभी के लिए अच्छी खबर' है, लेकिन कीव और खारकीव में रूस ऊर्जा संबंधी बुनियादी ढांचे पर हमले जारी रखे हुए है।

एपी

शुभम संतोष

संतोष