Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

एशियाई खेलों में प्रदर्शन की समीक्षा के लिए बैठक 15 अक्टूबर तक टली

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) खेल मंत्रालय की हाल में संपन्न एशियाई खेलों में भारत के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) के साथ होने वाली एकदिवसीय बैठक को दो दिन के लिए टाल दिया गया है और अब यह 15 अक्टूबर को होगी।

यह बैठक पहले 13 अक्टूबर को प्रस्तावित थी लेकिन बैठक की अध्यक्षता करने वाले खेल मंत्री मनसुख मांडविया फिलहाल ब्रिक्स पारंपरिक और स्वदेशी खेल प्रदर्शन प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अहमदाबाद में मौजूद हैं।

मंत्रालय के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘‘बैठक अब 15 अक्टूबर को होगी।’’

इस बैठक में विचार-विमर्श का मुख्य केंद्र विशेष रूप से बैडमिंटन, निशानेबाजी और एथलेटिक्स में अनुभवी खिलाड़ियों का अपेक्षा से कमजोर प्रदर्शन रहने वाला है।

भारत ने चार अक्टूबर को संपन्न आइची-नागोया खेलों में 21 स्वर्ण सहित कुल 85 पदक जीते। यह हांगझोउ में पिछले सत्र में हासिल किए गए 106 पदकों के रिकॉर्ड से काफी कम है।

आइची-नागोया खेलों में भारत के 21 स्वर्ण पदकों में से 11 आखिरी दो दिन में आए। तीरंदाजों, पुरुष और महिला हॉकी टीम, मुक्केबाजों और महिला गोल्फरों ने शानदार प्रदर्शन किया।

भाषा सुधीर पंत

पंत