(शिरिष बी. प्रधान)
काठमांडू, 12 अक्टूबर (भाषा) नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग सोमवार को बिम्सटेक समूह के गृह मंत्रियों की पहली बैठक में शामिल होने के लिए नयी दिल्ली रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी एवं आर्थिक सहयोग पहल (बिम्सटेक) में बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमा, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सदस्य देशों के गृह मंत्रियों की बैठक मंगलवार को होनी है।
गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि भारत की अपनी पहली यात्रा पर गए गुरुंग मंगलवार को बिम्सटेक की बैठक को संबोधित करेंगे।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि बैठक में मादक पदार्थों व मानव तस्करी, धनशोधन, आतंकवादी गतिविधियों के वित्तपोषण, आतंकवाद, आपदा प्रबंधन और साइबर अपराध सहित अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
मंत्रालय ने बताया कि नेपाल जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालयी क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते जोखिम को कम करने, पूर्व चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने और बचाव एवं राहत अभियान समन्वित तरीके से चलाने के लिए क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने जैसे मुद्दे उठाएगा।
1997 में इस क्षेत्रीय मंच की स्थापना के बाद पहली बार बिम्सटेक देशों के गृह मंत्रियों की बैठक आयोजित की जा रही है।
बिम्सटेक चार्टर में उल्लिखित उद्देश्यों में अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद, सीमापार संगठित अपराध, प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन से निपटने में घनिष्ठ सहयोग के जरिए बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखना शामिल है।
गुरुंग की बिम्सटेक बैठक से इतर अपने भारतीय समकक्ष अमित शाह और अन्य देशों के गृह मंत्रियों से भी मुलाकात करने की संभावना है।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा