नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारत की उभरती हुई युवा टेनिस खिलाड़ी माया राजेश्वरन ने सीधे सेटों में जीत दर्ज करके पुर्तगाल में डब्ल्यू35 लागोस टूर्नामेंट के रूप में अपना पहला पेशेवर खिताब जीता।
क्वालीफायर के रूप में टूर्नामेंट में भाग लेने वाली माया ने रविवार को खेले गए फाइनल में स्पेन की सेलिया सेर्विनो रुइज़ को 6-4, 6-2 से हराया।
इस जीत से यह 17 वर्षीय खिलाड़ी सानिया मिर्जा के बाद पेशेवर एकल खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।
माया ने यूक्रेन की येलीज़ावेटा कोट्लियार के साथ मिलकर युगल खिताब भी जीता। उन्होंने एकल में एक भी सेट नहीं गंवाया। उन्होंने पहले दौर में ही शीर्ष वरीयता प्राप्त जस्टिना मिकुलस्काइट को पराजित करके अपने इरादे जतला दिए थे।
माया ने टूर्नामेंट जीतने के बाद कहा, ‘‘यह तो बस शुरुआत है। यह मेरा पहला खिताब है। यह मेरे पेशेवर करियर की शुरुआत के लिए अच्छा संकेत है। इससे मुझे आत्मविश्वास मिला है कि मैं अच्छी तरह से चुनौती पेश कर सकती हूं।’’
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर