Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

रॉबर्ट ई हॉल, माइकल वुडफोर्ड को अर्थशास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने की घोषणा

स्टॉकहोम, 12 अक्टूबर (एपी) अमेरिकी मूल के अर्थशास्त्रियों रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड को व्यापक आर्थिक स्थिरता के लिए नीतियां बनाने के सूक्ष्म आर्थिक आधारों पर किए गए कार्य के लिए सोमवार को अर्थशास्त्र का नोबेल स्मृति पुरस्कार देने की घोषणा की गई।

हॉल कैलिफोर्निया स्थित स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से जुड़े हैं, जबकि वुडफोर्ड न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया विश्वविद्यालय में हैं।

रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने स्टॉकहोम में अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की।

आर्थिक विज्ञान पुरस्कार समिति के प्रमुख जॉन हैसलर ने एक बयान में कहा, ‘‘पुरस्कार विजेताओं के काम ने हमें उन मॉडल के लिए एक स्थिर सैद्धांतिक आधार दिया है, जिनका इस्तेमाल अब दुनिया भर के केंद्रीय बैंक और सरकारें करती हैं।’’

हैसलर ने कहा, ‘‘इनके काम से हम ऊर्जा संकट या घरेलू उपभोग में अचानक बदलाव जैसे आर्थिक झटकों से निपटने के लिए बेहतर ढंग से तैयार हैं।’’

अर्थशास्त्र के इस पुरस्कार को आधिकारिक तौर पर ‘अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में आर्थिक विज्ञान के लिए स्वेरिजेस रिक्सबैंक पुरस्कार’ के नाम से जाना जाता है। स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में इसकी स्थापना की थी।

नोबेल पुरस्कार 19वीं सदी के स्वीडिश कारोबारी और रसायनशास्त्री अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में दिया जाता है। डायनामाइट के आविष्कारक नोबेल ने पांच नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की थी।

पिछले साल तीन शोधकर्ताओं को कारोबारी नवाचार के अध्ययन के लिए यह पुरस्कार दिया गया था। उन्होंने बताया था कि किस तरह नए उत्पाद और नवाचार पुरानी कंपनियों को पीछे छोड़ते हुए आर्थिक वृद्धि एवं मानव कल्याण को बढ़ावा देते हैं।

अर्थशास्त्र का पुरस्कार तकनीकी रूप से मूल पांच नोबेल पुरस्कारों में शामिल नहीं है, लेकिन इसे अन्य पुरस्कारों के साथ ही 10 दिसंबर को प्रदान किया जाता है।

पिछले सप्ताह चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।

इस साल पुरस्कार राशि 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (करीब 12 लाख अमेरिकी डॉलर) है। यह राशि किसी एक व्यक्ति, छोटे समूह या संगठन को पुरस्कार दिए जाने की स्थिति में भी समान रहती है।

एपी प्रेम

प्रेम अजय

अजय