Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

भाजपा सांसद ने युवाओं से ई-सिगरेट, निकोटीन पाउच से दूर रहने की अपील की

नयी दिल्ली, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कमलजीत सहरावत ने युवाओं से ई-सिगरेट, वेप और निकोटीन पाउच जैसे नशे की लत लगाने वाले उत्पादों से दूर रहने तथा स्वस्थ आदतें अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई या अन्य चुनौतियों के दबाव से निपटने के लिए युवाओं को ऐसे उत्पादों का सहारा लेने के बजाय अपने परिवार और दोस्तों से मदद मांगनी चाहिए।

पश्चिमी दिल्ली की सांसद सहरावत ने एक बयान में कहा कि ये उत्पाद किसी भी उम्र में नुकसानदेह हैं, लेकिन युवाओं पर इनके दुष्परिणाम अधिक गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने युवाओं को खेलकूद और फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा, ‘‘पढ़ाई या अन्य चुनौतियों के दबाव का सामना करते समय उन्हें ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करने के बजाय अपने माता-पिता और दोस्तों से बात करनी चाहिए और मदद लेनी चाहिए। इस उम्र में इन उत्पादों का इस्तेमाल अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।’’

बच्चों और युवाओं को नए तरह के निकोटीन उत्पादों से बचाने के लिए काम करने वाले संगठन ‘मदर्स अगेंस्ट वेपिंग’ (एमएवी) ने सहरावत के बयान का स्वागत किया।

सहरावत ने इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि कानून बनाना और उसे लागू करना दोनों जरूरी हैं। इस कानून के तहत ई-सिगरेट, इलेक्ट्रॉनिक निकोटीन डिलीवरी सिस्टम (ईएनडीएस), हीट नॉट बर्न उत्पादों और ई-हुक्का के उत्पादन, आयात, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन पर प्रतिबंध है।

उन्होंने कहा कि लोगों को अपने अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए और कानून के पालन को लेकर सतर्क रहना चाहिए।

सहरावत ने स्वस्थ भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका, खेलकूद, फिटनेस और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलों के महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई और करियर पर ध्यान देने तथा उन्हें सही रास्ते से भटकाने वाले शॉर्टकट से बचने की अपील की।

एमएवी ने कहा कि युवाओं को निकोटीन के इस्तेमाल से बचाने के लिए जागरूकता, परिवारों की भागीदारी और माता-पिता, स्कूलों, अधिकारियों तथा स्वास्थ्य पेशेवरों के बीच समन्वय जरूरी है।

भाषा नरेश

नरेश