(फोटो के साथ)
छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र), 12 अक्टूबर (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली में जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाने के फैसले की सोमवार को आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि ‘‘अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।’’
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार द्वारा 11 अक्टूबर को जारी स्थायी आदेश में विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए गये हैं जिनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी मैदान शामिल हैं।
दीपके ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया है। हां, अब यह प्रदर्शन स्थल नहीं रहा, क्योंकि कायर तानाशाह ने इसे पहले ही युद्धक्षेत्र में बदल दिया। अब पूरा देश जंतर-मंतर बनेगा।’’
दीपके ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगला कदम ‘‘लोकतंत्र को खत्म’’ करने का उठा सकते हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘आज मोदी ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया। कल वह लोकतंत्र को ही खत्म कर देंगे। तानाशाह को कभी प्रदर्शन स्थल से समस्या नहीं थी, बल्कि उसे लोगों के विरोध करने के विचार से ही परेशानी है।’’
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश