Breaking News

अमित शाह मानहानि मामले में सुल्तानपुर कोर्ट ने राहुल गांधी को बरी किया     |   खड़गे के विवादित बयान पर भड़के बीजेपी कार्यकर्ता, पटना में बड़ा प्रोटेस्ट     |   राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा     |   UP: बस्ती में बाइक पर पलटा तेज रफ्तार से आ रहा ट्रक, तीन की मौत     |   आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफान, ऑरेंज अलर्ट जारी     |  

बल्लेबाजी कौशल से गेंदबाजी में भी प्रभाव छोड़ते हैं ऑलराउंडर नमन धीर

इंदौर, 12 अक्टूबर (भाषा) भारत के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर नमन धीर का कहना है कि बल्लेबाजी कौशल उन्हें गेंदबाजी के दौरान बल्लेबाजों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करता है और इससे वह बल्लेबाज के खड़े होने के तरीके (स्टांस) और शॉट के चयन के आधार पर उसके इरादों का अनुमान लगा पाते हैं।

अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला खेल रहे धीर ने रविवार को यहां तीसरे मैच में कामिल पूरन और शिमरोन हेटमायर के अहम विकेट चटकाए जिससे भारत ने वेस्टइंडीज को 14 रन से हराकर पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली।

धीर ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘बल्लेबाज होने का फायदा मिलता है क्योंकि आप बल्लेबाज के स्टांस, उसके बैकलिफ्ट की दिशा, गार्ड और उसके खेलने के तरीके को समझते हैं। गेंदबाजी करते समय मैं इन चीजों पर लगातार नजर रखता हूं।’’

कामिल ने 11वें ओवर में धीर पर तीन छक्के जड़े लेकिन भारतीय ऑलराउंडर ने ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें आउट करके बदला चुकता कर दिया।

धीर ने कहा, ‘‘मैंने तीन छक्के देने और फिर विकेट लेने की योजना नहीं बनाई थी। उदाहरण के लिए, जब कामिल पूरन बल्लेबाजी कर रहे थे तो वह हर शॉट लेग साइड में खेलने और शॉट लगाने के लिए जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए मैं उन्हें जगह नहीं देना चाहता था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पहली दो गेंद पर मेरे से कुछ गलतियां हुईं। मुझे पता था कि मैं अपना तीसरा ओवर कर रहा हूं, बल्लेबाज क्रीज पर जम चुका है और रन गति अधिक होने के कारण वह जोखिम लेने की कोशिश करेगा।’’

धीर ने कहा, ‘‘आखिरकार वह उसी तरह का शॉट खेलकर आउट हुए जैसा मैं उन्हें खिलवाना चाहता था। वह स्क्वायर लेग पर कैच आउट हुए। इसलिए ये छोटी-छोटी बातें मेरी काफी मदद करती हैं और गेंदबाज के तौर पर मैं ऐसे बारीक पहलुओं पर नजर रखता हूं।’’

भारतीय टीम में अपनी भूमिका के बारे में धीर ने कहा कि वह मुख्य रूप से बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं लेकिन गेंद से योगदान देना भी उन्हें पसंद है।

भाषा सुधीर पंत

पंत