कोलकाता, 12 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में बिरयानी की एक दुकान के विज्ञापन में देवी दुर्गा की तस्वीर के साथ मांसाहारी व्यंजन दिखाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों की आपत्ति के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय विधायक ने विज्ञापन को तत्काल हटाने की मांग की है और आरोप लगाया है कि इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
उत्तरपाड़ा के हिंदमोटर इलाके में एक ऊंची आवासीय इमारत के बाहर लगे पोस्टर में चिकन बिरयानी की प्लेट के साथ देवी दुर्गा की तस्वीर है। पोस्टर पर बांग्ला में लिखा है, जिसका अर्थ है, ‘‘इस पूजा में देवी के प्रति भक्ति... रॉकस्टार स्वाद।’’
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को कुछ स्थानीय लोग पोस्टर के सामने जमा हुए और सवाल उठाया कि मांसाहारी व्यंजन के साथ देवी की तस्वीर लगाने की अनुमति किसने दी। अधिकारी ने बताया कि दुकानदार से ऐसे सभी पोस्टर हटाने को कहा गया है।
भाजपा के उत्तरपाड़ा विधायक दीपांजन चक्रवर्ती ने पोस्टर को तत्काल हटाने की मांग की।
उन्होंने कहा, ‘‘इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मामला मांसाहारी भोजन खाने का नहीं है। कोई मां दुर्गा की तस्वीर बिरयानी के साथ लगाने की हिम्मत कैसे कर सकता है?’’
विधायक ने दावा किया कि विज्ञापन से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह के विज्ञापन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा नरेश
नरेश