हिंगोली, 12 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में पटाखों के एक गोदाम में आग लगने की घटना में झुलसे 26 वर्षीय दमकलकर्मी की सोमवार को अस्पताल में मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान आकाश सांगले के रूप में हुई है और वह उन दमकलकर्मियों में शामिल थे, जो पांच अक्टूबर को आग बुझाने के दौरान हुए विस्फोट में दमकल वाहन के क्षतिग्रस्त होने से गंभीर रूप से झुलस गए थे।
घनी आबादी वाले आवासीय इलाके मारवाड़ी गली में पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लग गई थी।
उस समय गोदाम में रुक-रुककर हुए विस्फोटों और आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई थी तथा कई अन्य लोग घायल हो गए थे।
अधिकारी ने बताया कि सांगले ने सोमवार सुबह लातूर के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल 12 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप