रामगढ़ (झारखंड), 12 अक्टूबर (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में एक कार के ट्रक से टकराने से कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा रविवार देर शाम चुटुपालू घाटी के पास उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य कार से रांची से हजारीबाग जा रहे थे।
रामगढ़ थाने के प्रभारी गजेंद्र पांडेय ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘टक्कर होने के बाद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।’’
उन्होंने बताया कि तीनों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई वहीं दो को रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान प्रियांशु चक्रवर्ती (70), उनके बेटे प्रणय चक्रवर्ती (35) और बहू प्रणयी चक्रवर्ती (32) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रियांशु चक्रवर्ती अपनी पत्नी रीना चक्रवर्ती के साथ रविवार शाम बेंगलुरु से रांची पहुंचे अपने बेटे और बहू को लेने हवाई अड्डे गए थे।
रीना चक्रवर्ती और कार चालक राजू कुमार का रिम्स में इलाज किया जा रहा है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारण मार्ग पर भारी जाम लग गया था और करीब तीन घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका।
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा