भुवनेश्वर, 12 अक्टूबर (भाषा) हॉकी इंडिया द्वारा हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को कारण बताओ नोटिस जारी कर उसकी सदस्यता स्थायी से सहयोगी सदस्यता में बदलने का प्रस्ताव दिए जाने के बाद विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजद) ने सोमवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हॉकी को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए उसकी आलोचना की।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ओडिशा के पूर्व खेल मंत्री तुषार कांति बेहरा ने आरोप लगाया कि हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा में कुप्रबंधन के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
बीजद नेता ने कहा, ‘‘हॉकी के खेल ने ओडिशा को गौरव दिलाया लेकिन अब भाजपा सरकार के तहत इसे कमजोर किया जा रहा है। राज्य हॉकी इंडिया में अपनी स्थायी सदस्यता खो देगा। यह ओड़िया अस्मिता (गौरव) नहीं है।’’
बेहरा ने कहा कि ओडिशा के लोगों के लिए हॉकी भावनात्मक महत्व रखने वाला खेल है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के लगातार प्रयासों से ओडिशा और पूरे भारत में इस खेल को नयी ऊंचाइयां मिलीं।
उन्होंने कहा कि पटनायक के नेतृत्व में राज्य सरकार भारतीय हॉकी की प्रायोजक बनी थी। बेहरा ने आरोप लगाया, ‘‘हालांकि, पिछले दो वर्षों में मौजूदा ‘डबल इंजन’ सरकार की खेल के प्रति उदासीनता के कारण ओडिशा में हॉकी का स्तर गिरा है।’’
बीजद के आरोपों पर ओडिशा सरकार की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
हॉकी इंडिया ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा (एचएओ) द्वारा राष्ट्रीय महासंघ के उपनियमों का कथित तौर पर पालन नहीं किए जाने को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह फैसला छह अक्टूबर को हॉकी इंडिया की कार्यकारी समिति की बैठक में लिया गया। इससे पहले निर्वाचन अधिकारी की प्रतिकूल रिपोर्ट के कारण एचएओ के तीन अक्टूबर को होने वाले चुनाव रोक दिए गए थे।
भाषा शोभना नरेश
नरेश