तिरुवनंतपुरम, 12 अक्टूबर (भाषा) केरलम विधानसभा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग करते हुए सोमवार को एक प्रस्ताव पारित किया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी सीईसी के खिलाफ आक्रामक आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की ओर से पेश किया गया यह प्रस्ताव देश में इस संबंध में संभवत: पहला प्रस्ताव है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि मतदाता सूची में संशोधन, पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर गंभीर चिंताएं हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
प्रस्ताव में मतदाता सूचियों के एसआईआर में कथित अनियमितताओं को दूर करने और गलत तरीके से मतदाता सूची से बाहर किए गए सभी पात्र मतदाताओं के मताधिकार तुरंत बहाल करने की मांग की गई।
इसके अलावा, प्रस्ताव में निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के लिए गठित चयन समिति का नए सिरे से गठन करने की मांग की गई, जिसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारत के प्रधान न्यायाधीश को शामिल करने की बात कही गई, ताकि 'संस्था की स्वतंत्रता व विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।'
सतीशन ने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'मतदान का अधिकार हमारे लोकतंत्र की नींव है। किसी भी संस्था को हमारे नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है। मतदान के अधिकार की रक्षा होनी चाहिए। संविधान का पालन होना चाहिए। लोकतंत्र की जीत होनी चाहिए। केरलम स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनावों के पक्ष में मजबूती से खड़ा है।'
भाषा जोहेब मनीषा
मनीषा