मुंबई, 12 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ होने वाले प्रदर्शन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें धमका रहा है।
हालांकि, कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह सत्ता खोने के डर को लेकर भाजपा की बेचैनी को दर्शाता है।
महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने युवा कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी अजय छिकारा की कथित ऑडियो क्लिप जारी करते हुए आरोप लगाया कि पदाधिकारियों को चेतावनी दी गई कि यदि वे सोमवार तक राष्ट्रीय राजधानी नहीं पहुंचे, तो वे पद और चुनाव लड़ने के टिकट गंवा देंगे।
बन ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि क्लिप में छिकारा की आवाज सुनाई दे रही है, जिसमें वह युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने का निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस क्लिप से पता चलता है कि विपक्षी दल राहुल गांधी के नेतृत्व को फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित प्रदर्शन में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अपने ही कार्यकर्ताओं को धमका रहा है।
विपक्षी दलों ने घोषणा की है कि वे ‘वोट चोरी’ पर रोक लगाने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को उच्चतम न्यायालय तक मार्च निकालेंगे।
इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल सत्ता गंवाने के डर के कारण इस तरह के आरोप लगा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को डर है कि उसके पैरों तले की जमीन खिसक रही है। उसे सत्ता गंवाने का भय सता रहा है। विपक्षी दल जनता की आवाज उठा रहे हैं और हम लोगों को न्याय दिलाने के लिए उनका नेतृत्व करेंगे। इस तरह के तुच्छ आरोपों को नजरअंदाज करना ही बेहतर है।’’
भाषा गोला मनीषा
मनीषा