मुजफ्फरपुर, 12 अक्टूबर (भाषा) बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में डायन होने का आरोप लगाकर एक बुजुर्ग महिला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना रविवार को जिले के कच्ची-पक्की पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई।
नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-2 का प्रभार संभाल रहे साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि डायन होने के आरोप में एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलने के बाद अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।”
कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतका के बेटे का बयान दर्ज करने का प्रयास किया, लेकिन उसने सोमवार को लिखित शिकायत देने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अधिकारी ने बताया कि मृतका के नाम और उम्र की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं कैलाश
वैभव मनीषा
मनीषा