Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

केरलम में मिनी कूपर कार दुर्घटना मामले में तीन और लोगों को आरोपी बनाया गया

कोच्चि, 12 अक्टूबर (भाषा) केरलम के पास नेदुंबस्सेरी में तेज रफ्तार से जा रही मिनी कूपर कार की स्कूटर से टक्कर में तीन युवकों की मौत के मामले में तीन और लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार रात करीब दो बजे हुई, जब तेज रफ्तार से जा रही मिनी कूपर कार ने स्कूटर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी।

कोच्चि निवासी सुहैल को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर आरोप है कि वह शराब के नशे में कार चला रहा था।

पुलिस ने बताया कि सुहैल की मां ने उसे जन्मदिन के तोहफे के रूप में यह महंगी कार दी थी। पुलिस के मुताबिक, ऐसे कई वीडियो भी मिले हैं, जिनमें सुहैल को 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से कार चलाते हुए देखा गया है।

पुलिस ने बताया कि उसके दोस्त निनव को भी रविवार को हिरासत में लिया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमीर और जोएल नाम के दो अन्य लोग भी कार में सवार थे।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद वे कथित तौर पर घटनास्थल से फरार हो गए थे। बाद में स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें अलप्पुझा से हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सुहैल मुख्य आरोपी है, जबकि अपराध को कथित तौर पर बढ़ावा देने के आरोप में निनव, अमीर और जोएल को भी आरोपी बनाया गया है।

जांच में पता चला कि अमीर और जोएल के उनके साथ जुड़ने से पहले सुहैल और निनव ने एर्नाकुलम शहर के बार में शराब पी थी।

पुलिस ने बताया कि चारों ने कथित तौर पर काफी नशे में होने के बावजूद शराब पीना जारी रखा और फिर कार में सवार होकर निकल गए।

पुलिस के अनुसार, अमीर और जोएल हवाई अड्डे पर आने वाले अपने एक दोस्त को लेने के लिए नेदुंबस्सेरी पहुंचे थे।

उड़ान में देरी होने के कारण वे मिनी कूपर कार में तेज रफ्तार से घूमने के लिए सुहैल के साथ शामिल हो गए।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार में सवार दो लोग बाहर निकलकर फरार हो गए। आरोप है कि वे एक अन्य वाहन में बैठकर भागे थे।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी औपचारिक रूप से दर्ज की जाएगी।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के लिए सुहैल की हिरासत की मांग करते हुए पुलिस जल्द ही अदालत में याचिका दायर करेगी।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा