Breaking News

यूपी-बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र में आज आएंगे MLC चुनाव के नतीजे     |   इजरायल में आम चुनाव आज, होगी वोटिंग     |   गुवाहाटी के होटल में हुई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार जब्त, 5 की मौत     |   चक्रवात 'ऑर्नब' को लेकर आंध्र प्रदेश में अलर्ट, भारी बारिश की आशंका     |   यूक्रेन की राजधानी कीव में जबरदस्त धमाका, कल रूस ने भी किया था अटैक     |  

अशोक लेलैंड ने वाहन ऋण के लिए तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के साथ की साझेदारी

मुंबई, 12 अक्टूबर (भाषा) वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड ने अपने ग्राहकों को उनकी जरूरत के मुताबिक वाहन ऋण उपलब्ध कराने के लिए तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक (टीएमबी) के साथ शुरुआती समझौता किया है।

अशोक लेलैंड ने बयान में कहा कि 600 से अधिक शाखाओं वाले टीएमबी की ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अच्छी मौजूदगी है।

बैंक के सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई), कारोबारियों और कृषि क्षेत्र के ग्राहकों के साथ भी मजबूत संबंध हैं। विशेष रूप से तमिलनाडु और दक्षिण भारत के अन्य बाजारों में इसकी अच्छी पहुंच है।

बयान के अनुसार, इस साझेदारी का उद्देश्य इन खूबियों का लाभ उठाकर ग्राहकों के लिए वाहन ऋण लेना आसान बनाना है। इसके तहत ग्राहकों की जरूरतों और पसंद के अनुरूप लचीले विकल्पों के साथ आसान किस्तों में ऋण चुकाने की सुविधा दी जाएगी।

अशोक लेलैंड के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी के एम. बालाजी ने कहा, ‘‘यह साझेदारी अशोक लेलैंड के ट्रक तथा बस खरीदने वाले ग्राहकों के लिए वित्तीय सहायता की पहुंच बढ़ाकर ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को और मजबूत करेगी।’’

तमिलनाड मर्केंटाइल बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सली एस. नायर ने कहा, ‘‘टीएमबी के मजबूत बैंकिंग नेटवर्क और अशोक लेलैंड की व्यापक बाजार मौजूदगी की संयुक्त ताकत का लाभ उठाकर हमारा लक्ष्य कारोबार की वृद्धि में मदद करना और परिवहन संचालकों तथा वाहन बेड़े के मालिकों की सुविधा बढ़ाना है।’’

भाषा निहारिका

निहारिका